Google ने भारत में अपना नया Pixel Upgrade Program लॉन्च कर दिया है। यह एक खास ओनरशिप प्रोग्राम है, जिसके जरिए ग्राहक अब लेटेस्ट Pixel स्मार्टफोन्स बेहद कम मंथली खर्च में खरीद सकते हैं। इस ऑफर का फायदा Google की नई Pixel 10 सीरीज पर मिलेगा, जहां यूजर्स को फोन मंथली EMI पर उपलब्ध होंगे।
Pixel 10 सीरीज को Google के स्मार्टफोन भविष्य का बड़ा कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में Pixel 10 सीरीज में और भी दमदार AI फीचर्स, बेहतर कैमरा टेक्नोलॉजी और लंबा सॉफ्टवेयर सपोर्ट देखने को मिलेगा। Google इस सीरीज को प्रीमियम सेगमेंट में और मजबूत करने पर फोकस कर रहा है, ताकि iPhone और Samsung जैसे ब्रांड्स को कड़ी टक्कर दी जा सके। Pixel Upgrade Program के जरिए कंपनी ज्यादा से ज्यादा यूजर्स को इस नई सीरीज से जोड़ना चाहती है।
इस प्रोग्राम की शुरुआती EMI सिर्फ 3,333 रुपये प्रति माह रखी गई है। हालांकि, इस ऑफर का लाभ उठाने के लिए यूजर्स को कम से कम 9 EMI भरनी होंगी। अलग-अलग Pixel मॉडल्स के हिसाब से EMI की रकम अलग हो सकती है। इसके साथ ही Google की ओर से बैंक ऑफर्स भी दिए जा रहे हैं।
Pixel Upgrade Program के तहत यूजर्स को आगे चलकर नए Pixel फोन पर अपग्रेड करने का विकल्प भी मिलेगा। यानी आप अपने मौजूदा Pixel फोन को एश्योर्ड बायबैक के साथ बेच सकेंगे। कंपनी का कहना है कि इस प्रोग्राम का मकसद यूजर्स को बिना बड़ी एकमुश्त रकम दिए लेटेस्ट Pixel डिवाइस तक पहुंच देना है।
Google ने इस ऑफर को लेकर एक ब्लॉग पोस्ट भी जारी किया है। इस प्रोग्राम के तहत ग्राहक Pixel 10, Pixel 10 Pro, Pixel 10 Pro XL या Pixel 10 Pro Fold में से किसी भी फोन को चुन सकते हैं।
फोन चुनने के बाद यूजर्स को अपने नजदीकी रिटेल पार्टनर स्टोर पर जाकर डिवाइस खरीदनी होगी। यहां से फोन को 24 महीने की नो-कॉस्ट EMI पर लिया जा सकता है। इसके बाद ग्राहक को Pixel Upgrade Program के लिए इनरोल करना होगा।
इस प्रोग्राम में इनरोल होने के लिए फोन खरीदने के बाद 30 दिनों का समय मिलेगा। एक बार इनरोल हो जाने के बाद, यूजर्स को भविष्य में एलिजिबल Pixel डिवाइस पर अपग्रेड करने का विकल्प मिल जाएगा।
हालांकि, अपग्रेड ऑप्शन का फायदा उठाने के लिए कम से कम 9 EMI का भुगतान जरूरी होगा। अगर कोई यूजर अपग्रेड करता है, तो Cashify बची हुई EMI की रकम का भुगतान करेगा। इस तरह यूजर्स बिना ज्यादा खर्च किए नए Pixel फोन पर आसानी से शिफ्ट कर सकेंगे।