नई दिल्ली:
संसद के शीतकालीन सत्र का आज आखिरी दिन है। 1 दिसंबर से शुरू हुआ यह सत्र लगातार हंगामे, आरोप-प्रत्यारोप और तीखी बहसों के चलते सुर्खियों में रहा। वंदे मातरम्, चुनाव सुधार और वायु प्रदूषण जैसे मुद्दों पर संसद के दोनों सदनों में कई बार जबरदस्त शोर-शराबा देखने को मिला। इसी बीच गुरुवार देर रात करीब 12:30 बजे राज्यसभा में VB-G RAM G बिल पास कर दिया गया, जिसके बाद विपक्ष ने कड़ा विरोध जताया। TMC सांसदों ने इसे महात्मा गांधी का अपमान बताते हुए संसद परिसर में 12 घंटे का धरना भी दिया।
1 दिसंबर – वित्त मंत्री ने पेश किए तीन बिल, मणिपुर GST संशोधन बिल पास
शीतकालीन सत्र के पहले दिन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में तीन अहम विधेयक पेश किए। इनमें मणिपुर GST (दूसरा संशोधन) बिल, 2025 को सदन ने पास कर दिया। इसके अलावा केंद्रीय उत्पाद शुल्क (संशोधन) विधेयक 2025 और स्वास्थ्य सुरक्षा व राष्ट्रीय सुरक्षा सेस विधेयक 2025 भी पेश किए गए।
8 दिसंबर – लोकसभा में वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने पर चर्चा
सत्र के छठे दिन लोकसभा में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर विशेष चर्चा हुई। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। इस दौरान उन्होंने वंदे भारत गीत के चार खंड हटाने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि मुस्लिम लीग के डर से कांग्रेस ने वंदे मातरम् का अपमान किया।
9 दिसंबर – लोकसभा में SIR पर जोरदार हंगामा
मंगलवार को लोकसभा में चुनाव सुधारों पर बहस शुरू हुई। कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी ने चर्चा में हिस्सा लिया और आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर वोट चोरी कर रहे हैं। इस बयान के बाद सदन में भारी हंगामा हुआ।
11 दिसंबर – ई-सिगरेट विवाद पर बढ़ा बवाल
लोकसभा में उस वक्त माहौल गरमा गया जब भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने स्पीकर से शिकायत की कि TMC सांसद सदन के भीतर ई-सिगरेट पी रहे थे। इस पर स्पीकर ओम बिरला ने कहा, “इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।”
12 दिसंबर – राहुल गांधी ने उठाया वायु प्रदूषण का मुद्दा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश में बढ़ते वायु प्रदूषण पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देश के ज्यादातर बड़े शहर जहरीली हवा से जूझ रहे हैं और लाखों बच्चे फेफड़ों की बीमारियों से पीड़ित हैं। सरकार की ओर से मंत्री किरेन रिजिजू ने जवाब देते हुए कहा कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।
16 दिसंबर – भारी विरोध के बीच लोकसभा में VB-G RAM G बिल पेश
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोकसभा में ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) बिल, 2025’ पेश किया। इसके साथ ही सदन में शोरगुल तेज हो गया। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने साफ कहा कि उनकी पार्टी इस बिल का विरोध करती है और यह ग्रामीण गरीबों के हित में नहीं है। गौरतलब है कि यही योजना पहले महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम यानी मनरेगा के नाम से जानी जाती थी।
18 दिसंबर रात 12:30 बजे – राज्यसभा से भी पास हुआ बिल, TMC का 12 घंटे का धरना
काफी हंगामे के बीच यह बिल राज्यसभा से भी पास हो गया। इसके बाद TMC सांसदों ने इसे महात्मा गांधी का अपमान बताते हुए संसद परिसर में 12 घंटे का धरना दिया।
लोकसभा अनिश्चित काल के लिए स्थगित
शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन लोकसभा को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया। सत्र का समापन होते-होते मनरेगा से जुड़े इस बड़े बदलाव ने राजनीतिक माहौल को पूरी तरह गरमा दिया।
