PF का पैसा निकालना अब पहले से कहीं ज्यादा आसान होने वाला है. सरकार EPFO सिस्टम को पूरी तरह डिजिटल बनाने की तैयारी में है ताकि लोगों को अपने ही पैसे के लिए ऑफिस के चक्कर न लगाने पड़ें और न ही लंबे-चौड़े फॉर्म भरने पड़ें.
काफी समय से चर्चा थी कि PF का पैसा ATM से निकाला जा सकेगा. अब इस पर बड़ा अपडेट सामने आया है. केंद्रीय श्रम मंत्री Mansukh Mandaviya ने एक निजी चैनल से बातचीत में कहा कि अगले महीने यानी जून से PF खाताधारक UPI के जरिए ATM से अपना PF अमाउंट निकाल सकेंगे.
मंत्री ने बताया कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO को तेजी से डिजिटाइज किया जा रहा है, जिससे PF निकालने की प्रक्रिया बेहद आसान हो जाएगी. सरकार का मकसद है कि खाताधारकों को अपने पैसे के लिए बार-बार दफ्तर न जाना पड़े और पूरा सिस्टम डिजिटल तरीके से काम करे.
ATM और UPI से ऐसे निकाल सकेंगे पैसा
मंसुख मांडविया के मुताबिक, नए सिस्टम के तहत खाताधारक अपने कुल PF फंड का 25% हिस्सा अकाउंट में लॉक रखकर बाकी 75% रकम ATM या UPI के जरिए जरूरत पड़ने पर कभी भी निकाल सकेंगे. सरकार इस सुविधा को अगले महीने से शुरू करने की तैयारी में है.
उन्होंने यह भी कहा कि EPFO 2.0 और ऑटोमैटिक क्लेम प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है. इसके लागू होने के बाद क्लेम सेटलमेंट काफी हद तक ऑटोमैटिक हो जाएगा. पहले जहां 10-12 कॉलम वाले फॉर्म भरने पड़ते थे, अब उस जटिल प्रक्रिया को खत्म किया जा रहा है.
WhatsApp पर मिलेगी PF की पूरी जानकारी
सरकार PF सेवाओं को और आसान बनाने के लिए इसे WhatsApp चैटबॉट से भी जोड़ रही है. इसके जरिए खाताधारक सिर्फ एक मैसेज भेजकर अपने अकाउंट बैलेंस, ब्याज की रकम, बीमारी या शादी के लिए फंड निकालने की पात्रता जैसी जानकारी तुरंत हासिल कर सकेंगे.
इतना ही नहीं, यूजर्स यह भी जान पाएंगे कि वे इस समय कितना पैसा निकाल सकते हैं और पहले कब-कब PF से पैसे निकाले गए थे. पूरी जानकारी WhatsApp मैसेज के जरिए उपलब्ध होगी.
आधार वेरिफिकेशन से होगा पूरा प्रोसेस
ATM और UPI से PF निकालने की सुविधा आधार लिंकिंग और डिजिटल वेरिफिकेशन से जुड़ी होगी. यानी आधार ऑथेंटिकेशन के जरिए आपकी पहचान सत्यापित होगी और बिना किसी कागजी कार्रवाई के पैसा सीधे ट्रांसफर किया जा सकेगा.
एक्सपर्ट्स ने जताई चिंता
हालांकि PF निकालना आसान होने से कुछ एक्सपर्ट्स चिंता भी जता रहे हैं. उनका मानना है कि अगर ATM से तुरंत पैसा निकालने की सुविधा मिल गई, तो कई लोग जरूरत पड़ते ही PF फंड का इस्तेमाल करने लगेंगे. इससे रिटायरमेंट के समय मिलने वाला बड़ा फंड काफी छोटा हो सकता है.
PF पर मिलने वाला चक्रवृद्धि ब्याज लंबे समय तक पैसा जमा रहने पर सबसे ज्यादा फायदा देता है. बार-बार पैसा निकालने से भविष्य के लिए बचत कमजोर पड़ सकती है.
हालांकि सरकार ने इस सिस्टम में पूरी छूट नहीं दी है. केंद्रीय मंत्री ने साफ किया कि कोई भी खाताधारक अपना पूरा PF अकाउंट खाली नहीं कर पाएगा. कुल जमा राशि का 25% हिस्सा हमेशा अकाउंट में लॉक रहेगा और केवल 75% रकम ही निकाली जा सकेगी.
