IND vs SA: अहमदाबाद में टीम इंडिया का किला मजबूत, क्या आखिरी टी20 में सीरीज होगी भारत के नाम?

Indian Cricket Team

IND vs SA: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांचवां और आखिरी टी20 मुकाबला शुक्रवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम के लिए यह मैदान हमेशा से खास रहा है। टी20 फॉर्मेट में अहमदाबाद में टीम इंडिया का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है, जिससे फैंस को सीरीज जीत की पूरी उम्मीद है।

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाना था, लेकिन घने कोहरे के चलते मैच रद्द कर दिया गया। अब सीरीज का फैसला सीधे अहमदाबाद में होने वाले आखिरी मुकाबले से होगा। भारतीय टीम टी20 में इस मैदान पर सिर्फ इंग्लैंड से ही हारी है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि भारत आखिरी टी20 जीतकर सीरीज अपने नाम करेगा।

भारतीय क्रिकेट टीम ने अहमदाबाद में अब तक 7 टी20 मुकाबले खेले हैं। इनमें से 5 मैचों में टीम इंडिया को जीत मिली है, जबकि 2 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। खास बात यह है कि दोनों हार इंग्लैंड के खिलाफ 8 विकेट से आई थीं। इस रिकॉर्ड को देखते हुए माना जा रहा है कि अहमदाबाद में भारत का पलड़ा भारी रहेगा।

फिलहाल टीम इंडिया सीरीज में 2-1 से आगे है। भारतीय टीम ने पहला और तीसरा टी20 मुकाबला जीता था, जबकि दूसरे मैच में उसे हार झेलनी पड़ी थी। अगर दक्षिण अफ्रीका पांचवां टी20 जीत जाती है, तो सीरीज ड्रॉ हो जाएगी। ऐसे में यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम होने वाला है।

अहमदाबाद में टीम इंडिया की नजरें कप्तान सूर्यकुमार यादव पर होंगी। कप्तान के लिए यह साल कुछ खास नहीं रहा है। पिछली 20 पारियों में उनके बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं निकला है। हालांकि अहमदाबाद की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है, ऐसे में सूर्यकुमार यादव बड़ी पारी खेलकर अपनी खोई फॉर्म वापस पा सकते हैं।

पांचवें टी20 मुकाबले में संजू सैमसन पर भी सबकी नजर रहेगी। चोटिल शुभमन गिल के अहमदाबाद टी20 में खेलने की संभावना बेहद कम है, ऐसे में संजू सैमसन को टीम में मौका मिल सकता है। अगर उन्हें खेलने का मौका मिलता है, तो वे ओपनर के तौर पर टीम में वापसी कर सकते हैं।

लखनऊ में होने वाले मुकाबले में भी संजू सैमसन का खेलना लगभग तय माना जा रहा था, लेकिन मैच रद्द होने की वजह से उन्हें मौका नहीं मिल सका। अब अहमदाबाद में अगर उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाता है, तो संजू बड़ी पारी खेलकर टीम में अपनी जगह एक बार फिर पक्की करने की पूरी कोशिश करेंगे।

Scroll to Top